Maharajganj:सीडीओ ने मिशन वात्सल्य योजनाओं की समीक्षा, पात्र बच्चों तक समयबद्ध लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश
Maharajganj:सीडीओ ने मिशन वात्सल्य योजनाओं की समीक्षा, पात्र बच्चों तक समयबद्ध लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश
रिपोर्ट :संजय कुमार
- कन्या सुमंगला से 44,962 बालिकाएं लाभान्वित, बाल सेवा योजनाओं व जिला बाल संरक्षण इकाई की प्रगति पर चर्चा
महराजगंज:कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में मिशन वात्सल्य के अंतर्गत संचालित योजनाओं की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रोबेशन एवं महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।सीडीओ ने जिला बाल संरक्षण इकाई, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि बच्चों के संरक्षण, शिक्षा, सुरक्षा और समग्र विकास से जुड़ी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संस्थानों में रह रहे बच्चों के भरण-पोषण, शिक्षा, सुरक्षा और देखभाल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के तहत यह त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने बताया कि जिला बाल संरक्षण इकाई के अंतर्गत विकासखंड और ग्राम स्तर पर समितियों का गठन किया गया है, जो बच्चों के संरक्षण एवं पुनर्वास संबंधी कार्यों का समन्वय कर रही हैं। उन्होंने किशोर न्याय अधिनियम-2015 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि देखभाल एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों तथा विधि के विरुद्ध संघर्षरत बच्चों के मामलों में बाल कल्याण समिति और किशोर न्याय बोर्ड आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हैं।स्पॉन्सरशिप योजना के तहत 67 बच्चों को सहायता दी जा रही है, जबकि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से जनपद की 44,962 बालिकाएं लाभान्वित हैं।बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, श्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, एएचटीयू प्रभारी सहित विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा वन स्टॉप सेंटर, जिला बाल संरक्षण इकाई, विशेष दत्तक ग्रहण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन, हब फॉर इम्पावरमेंट एवं जिला प्रोबेशन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments
Post a Comment