महराजगंज में तेजी से फैल रहा वायरल कंजक्टिवाइटिस, लापरवाही पड़ सकती है भारी; कॉर्नियल अल्सर से जा सकती है आंखों की रोशनी

महराजगंज में तेजी से फैल रहा वायरल कंजक्टिवाइटिस, लापरवाही पड़ सकती है भारी; कॉर्नियल अल्सर से जा सकती है आंखों की रोशनी


रिपोर्ट :संजय कुमार


उपशीर्षक:

वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. बी.एन. वर्मा ने दी चेतावनी— समय पर इलाज और सावधानी ही संक्रमण से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय

महराजगंज:जिले में इन दिनों वायरल कंजक्टिवाइटिस (पिंक आई/आंख आना) के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। बरसात के मौसम और बढ़ी हुई नमी के कारण यह संक्रमण तेजी से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल रहा है। नेत्र विशेषज्ञों का कहना है कि आंखों में लालिमा, जलन, दर्द या पानी आने जैसे शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करना गंभीर साबित हो सकता है,सृजन आई हॉस्पिटल, महराजगंज के वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. बी.एन. वर्मा ने बताया कि वायरल कंजक्टिवाइटिस मुख्य रूप से एडेनोवायरस के संक्रमण से होता है। कई मामलों में यह संक्रमण आंख की बाहरी झिल्ली के साथ-साथ कॉर्निया तक पहुंच जाता है। यदि समय रहते सही जांच और उपचार न कराया जाए तो कॉर्नियल अल्सर बनने का खतरा रहता है, जिससे आंखों की रोशनी स्थायी रूप से प्रभावित हो सकती है।

उन्होंने बताया कि संक्रमण के दौरान आंखों में तेज जलन, दर्द, लालिमा, लगातार पानी या म्यूकस आना, रोशनी से चुभन, पलकों में सूजन, धुंधला दिखाई देना और कान के सामने की लसीका ग्रंथि में सूजन जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए।डॉ. वर्मा के अनुसार स्लिट लैम्प माइक्रोस्कोपी और फ्लोरेसिन डाई टेस्ट जैसी जांचों से संक्रमण और कॉर्निया की स्थिति का सही आकलन किया जाता है। आवश्यकता पड़ने पर पीसीआर या वायरल कल्चर जांच भी कराई जा सकती है।उन्होंने लोगों से अपील की कि संक्रमण से बचने के लिए आंखों को बार-बार हाथ न लगाएं, नियमित रूप से साबुन से हाथ धोएं, तौलिया, रूमाल, तकिया या आई मेकअप जैसी व्यक्तिगत वस्तुएं साझा न करें तथा चिकित्सकीय सलाह के बिना किसी भी प्रकार की आई ड्रॉप का प्रयोग न करें। संक्रमण होने पर कुछ दिनों तक स्कूल, कार्यालय और भीड़भाड़ वाले स्थानों से दूरी बनाए रखना भी जरूरी है ताकि बीमारी दूसरों तक न फैले,नेत्र विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आंखों में तेज दर्द, अत्यधिक लालिमा, लगातार पानी या स्राव, धुंधला दिखाई देना या रोशनी से अधिक परेशानी हो तो इसे सामान्य संक्रमण समझकर नजरअंदाज न करें। समय पर उपचार से वायरल कंजक्टिवाइटिस पूरी तरह ठीक हो सकता है और आंखों की रोशनी को सुरक्षित रखा जा सकता है।



 

Comments

Popular posts from this blog

सिंदुरिया /महाराजगंज.. आर्केस्ट्रा के नर्तकियों के साथ युवक का तमंचा लहराते डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, मांगलिक कार्यक्रम में आयोजित हुआ था आर्केस्ट्रा

महाराजगंज: जिले में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ संचालक समेत पांच गिरफ्तार,

महाराजगंज.. पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने चौकी प्रभारी नगर, चिउटहा, लक्ष्मीपुर, बहुआर समेत 25 लोगों का किया तबादला, देखें लिस्ट