किसान दिवस पर जिलाधिकारी ने सुनी किसानों की समस्याएं, पराली न जलाने की दी सख्त हिदायत
किसान दिवस पर जिलाधिकारी ने सुनी किसानों की समस्याएं, पराली न जलाने की दी सख्त हिदायत
रिपोर्ट :संजय कुमार
महराजगंज, 24 अक्टूबर 2025
विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को किसानों की हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसान दिवस प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को आयोजित किया जाता है, जिसमें किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है। उन्होंने बताया कि खरीफ सत्र में खाद वितरण को लेकर शिकायतें आई थीं, जिन पर कार्रवाई करते हुए 415 दुकानों पर छापेमारी, 09 दुकानों के लाइसेंस रद्द, 40 दुकानों को निलंबित किया गया और एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।रबी सत्र के लिए जिलाधिकारी ने कहा कि अब किसानों को रकबे के अनुसार टोकन प्रणाली के तहत खाद दी जाएगी, ताकि कोई परेशानी न हो। किसान किसी भी साधन समिति या अधिकृत दुकान से उचित दर पर खाद प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने किसानों को रबी की फसलों में जौ, चना और मक्का की खेती को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि मोटे अनाज पौष्टिक होते हैं और शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं।पराली जलाने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी दशा में पराली नहीं जलानी चाहिए। अब सेटेलाइट से पराली जलाने की निगरानी की जा रही है, और संबंधित किसानों पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि हार्वेस्टर मशीन के साथ पराली प्रबंधन उपकरण का होना अनिवार्य है, अन्यथा मशीन मालिकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधीक्षक श्री सोमेन्द्र मीणा ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में खाद की तस्करी पर पूर्ण नियंत्रण रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी किसान को तस्करी की जानकारी मिले तो वह सीधे उनके CUG नंबर पर सूचना दें। साथ ही, उन्होंने भी किसानों से पराली न जलाने की अपील की।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जनपद में डीएपी और यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता है। सभी सहकारी समितियों पर खाद पहुंचाई जा चुकी है। जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों जहीर खान, सुरेन्द्र पटेल, वीरेंद्र चौरसिया, हरिशंकर यादव, राजीव दुबे सहित अन्य किसानों ने भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर डीडीओ बी.एन. कनौजिया, डीडी एजी संजीव कुमार, जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, जिला उद्यान अधिकारी, तथा भारी संख्या में किसान उ
पस्थित रहे।


Comments
Post a Comment