महाराजगंज: गोवंश संरक्षण एवं संवर्द्धन पर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक
महाराजगंज: गोवंश संरक्षण एवं संवर्द्धन पर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक
गौ आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
रिपोर्ट: संजय कुमार
महराजगंज, 24 अक्टूबर 2025:
जनपद में गोवंशों के संरक्षण एवं संवर्द्धन के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिलास्तरीय समिति एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गौ आश्रय स्थलों की वर्तमान स्थिति, गोवंशों की संख्या, चारा, चिकित्सा व्यवस्था एवं देखभाल से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन गौशालाओं में निर्धारित संख्या से कम गोवंश मौजूद हैं, वहां के गोवंशों को नजदीकी वृहद गौशालाओं में स्थानांतरित किया जाए ताकि उनकी बेहतर देखभाल एवं प्रबंधन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने सभी गौशालाओं में बीमार गोवंशों के लिए पृथक कक्ष या स्थान की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए।बैठक में प्रत्येक विकास खंड में न्यूनतम एक शव निस्तारण स्थल हेतु भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया गया, ताकि मृत गोवंशों के निस्तारण में कोई असुविधा न हो। साथ ही, गोचर भूमि के सत्यापन और चारा भूमि की फेंसिंग की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि गौ आश्रय स्थलों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जाए। इसके लिए गौमूत्र, गोबर आधारित दीये, खाद एवं अन्य उत्पादों के निर्माण एवं विक्रय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आश्रय स्थलों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।उन्होंने नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने आवंटित गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करें और निरीक्षण प्रतिवेदन समय से प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी ने कहा कि गोवंश संरक्षण शासन की प्राथमिकता है, अतः संबंधित अधिकारी जिम्मेदारी के साथ निर्धारित कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करें।
इससे पूर्वमुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. हौसला प्रसाद ने बताया कि जनपद में कुल 31 गौशालाओं में 2113 गोवंश संरक्षित हैं। इनमें गोसदन मधवलिया में 655, अस्थायी गोआश्रय स्थलों में 664, वृहद गोसंरक्षण केंद्रों में 332, कान्हा हाउस में 273 तथा कांजी हाउस में 189 गोवंश संरक्षित हैं। साथ ही, विभिन्न ब्लॉकों एवं निकायों में निराश्रित गोवंश को पकड़ने के लिए 6 कैटल कैचर कार्यरत हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, सीएमओ डॉ. श्रीकांत शुक्ला, डीडीओ श्री बी.एन. कन्नौजिया, डीसी एनआरएलएम श्री मो. जाकिर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment