मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने की जनसुनवाई, 14 प्रकरणों की हुई सुनवाई*
*मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने की जनसुनवाई, 14 प्रकरणों की हुई सुनवाई*
रिपोर्ट :संजय कुमार
महराजगंज:29 सितम्बर 2025:
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित महिलाओं की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कुल 14 मामले सामने आए, जिनमें सबसे अधिक मामले घरेलू हिंसा से संबंधित रहे। इस पर मा. उपाध्यक्ष ने सीओ सदर को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके अलावा पारिवारिक विवाद, पेंशन एवं राशन कार्ड से जुड़े प्रकरण भी प्रस्तुत हुए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से संबंधित सभी मामलों में विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं बिना हिचक के अपनी समस्याओं को सामने रख सकें। उन्होंने कहा—
"महिलाओं को हर स्तर पर संघर्ष करना पड़ता है, इसलिए अधिकारियों से अपेक्षा है कि वे सहानुभूति व गंभीरता से महिला पीड़िताओं की समस्याओं का समाधान करें।"
मा. उपाध्यक्ष ने विभागीय अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और निर्देश दिया कि पात्र महिलाओं को योजनाओं का समुचित लाभ नियमानुसार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही उपस्थित महिलाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी नीतियों की जानकारी दी तथा हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के लिए जागरूक किया।इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री कन्हैया यादव, सीओ सदर श्री जे.पी. त्रिपाठी, थानाध्यक्ष महिला थाना महराजगंज, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, पूर्ति विभाग, महिला वन स्टॉप सेंटर के काउंसलर एवं स्टाफ सहित अन्य अधिकारी व बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।



Comments
Post a Comment