सिसवा : चोखराज तुलस्यान इंटर कॉलेज में शिक्षक को हटाए जाने पर छात्रों का बवाल, विद्यालय में तोड़फोड़ और प्रदर्शन
सिसवा : चोखराज तुलस्यान इंटर कॉलेज में शिक्षक को हटाए जाने पर छात्रों का बवाल, विद्यालय में तोड़फोड़ और प्रदर्शन
रिपोर्ट :संजय कुमार
महराजगंज: 31 जुलाई 2025: सिसवा नगरपालिका क्षेत्र स्थित चोखराज तुलस्यान सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में गुरुवार को उस वक्त भारी बवाल हो गया, जब स्कूल की प्रार्थना सभा के दौरान भौतिक विज्ञान (फिजिक्स) शिक्षक नंदन सिंह को हटाने की घोषणा की गई। शिक्षक के हटाए जाने की खबर मिलते ही छात्र आक्रोशित हो उठे और देखते ही देखते पूरा विद्यालय परिसर विरोध के स्वर से गूंज उठा।
सर्च न्यूज़ संवाददाता के अनुसार घटना के दौरान छात्रों ने सबसे पहले कक्षाओं से बाहर निकलकर स्कूल की बस पर पत्थरबाजी कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद प्रिंसिपल शिवाजी सिंह के कार्यालय में जबरन घुसकर जमकर तोड़फोड़ की गई। इतना ही नहीं, गुस्साए छात्रों ने प्रिंसिपल की निजी कार को भी नुकसान पहुंचाया। विद्यालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही कोठीभार एसओ धर्मेंद्र सिंह और सिसवा चौकी प्रभारी उमाकांत सरोज भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे शांत होने को तैयार नहीं थे। छात्रों ने स्कूल मैदान में इकट्ठा होकर जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी—
"प्रिंसिपल की तानाशाही नहीं चलेगी"
"प्रिंसिपल मुर्दाबाद" के लगे नारे
छात्रों का कहना था कि नंदन सिंह स्कूल के सबसे अनुभवी और योग्य फिजिक्स शिक्षक हैं, जिनके पढ़ाने का तरीका बेहतरीन है। ऐसे शिक्षक को हटाना सीधे-सीधे छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ है। छात्रों ने नंदन सिंह को वापस बहाल करने की मांग करते हुए प्रदर्शन को जारी रखा।करीब दो घंटे तक चला यह हंगामा पुलिस की समझाइश और प्रबंधन की पहल के बाद धीरे-धीरे शांत हुआ। इस दौरान प्रिंसिपल, नंदन सिंह और पुलिस अधिकारियों के बीच बैठक हुई, जिसमें मामले को सुलझाने पर चर्चा की गई।प्रिंसिपल शिवाजी सिंह ने बयान जारी कर कहा कि शिक्षक को हटाने का फैसला विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा लिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए शांति और संयम से मामले का समाधान,निकाला,जाएगा,फिलहाल विद्यालय में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस टीम सतर्कता के साथ तैनात है, वहीं स्कूल प्रबंधन द्वारा आगे की कार्यवाही की तैयारी की जा रही है।

Comments
Post a Comment